Friday, July 8, 2011

kasganj kanshiramnagar train accident on 7july 2011







असुरक्षित है कासगंज-कानपुर रेलमार्ग

कासगंज। मथुरा-कानपुर रेल मार्ग असुरक्षित है। मानव रहित क्रासिंग पर लगातार हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद रेल प्रशासन की नींद नहीं टूट रही है। हादसों को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
मथुरा-कानपुर रेल मार्ग पर यह पहला हादसा नहीं है। मथुरा-कानपुर रेल मार्ग के आमान परिवर्तन के बाद यहां गाड़ियों की संख्या काफी बढ़ी हैं। इसमें मालगाड़ियों का आवागमन इस मार्ग से होता है। कुल ५६ अनमैंड रेलवे क्रॉसिंग हैं, जिनमें से १६ मैंड रेलवे क्रॉसिंग ही हैं। इसके अलावा मथुरा की ओर भी विभिन्न इलाकों में कई अनमैंड रेलवे क्रॉसिंग पर हादसे हुए हैं। सबसे बड़ा हादसा कासगंज-सहावर मार्ग पर चांडी रेलवे क्रॉसिंग पर हुआ था। जहां दबंगई के बल पर रेल फाटक खुलवाकर बस निकालने की कोशिश में बस-ट्रेन की भिड़ंत हुई थी और ४८ मौत हुई थी। यह हादसा जिले का अब तक का सबसे बड़ा रेल हादसा है।
अनमैंड क्रॉसिंग पर अब तक हुए हादसे
- चांडी रेलवे क्रॉसिंग पर हादसे में ४८ की मौत
- दिहारी मेहारी रेलवे क्रॉसिंग के हादसे में नौ मरे
- कासगंज और सहावर के बीच हादसे में दो मरे
- कासगंज-बरेली टै्रक पर ट्रेन-जुगाड़ की भिड़ंत, दो मरे
- कासगंज-सहावर के बीच ट्रेन की टक्कर से ट्रैक्टर कटा
- कासगंज-फर्रुखाबाद एक्सप्रेस बस से टकराई, बाल-बाल बचे

रेलवे के संरक्षा आयुक्त ने किया घटनास्थल का दौरा

कासगंज। अड़ूपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर हुई रेल दुर्घटना की जांच रेलवे के संरक्षा आयुक्त नगर विमानन मंत्रालय के प्रभात कुमार वाजपेयी ने शुरू कर दी है। संरक्षा आयुक्त ने दुर्घटनास्थल का दौरा कर हालातों का जायजा लिया। वहीं दुर्घटना के संबंध में एटा चिकित्सालय पहुंचकर घायलों से बातचीत की। शनिवार को भी संरक्षा आयुक्त जांच करेंगे।
रेल दुर्घटना की जांच के निर्देश रेल मंत्रालय के द्वारा दुर्घटना के बाद से ही जारी कर दिए गए थे और इसका जिम्मा श्री वाजपेयी को सौंपा गया है। दुर्घटना के बाद शाम को ही श्री वाजपेयी ने घटनास्थल का दौरा कर लिया था। कासगंज के रेलवे अधिकारी विश्रामालय में जांच कार्य में लगे कर्मियों का शिविर शुक्रवार को शुरू हो गया जहां जांच कार्य की प्रक्रिया शुरू की गई। जांच के लिए श्री वाजपेयी ने एटा पहुंचकर घायलों से बातचीत कर बयान दर्ज कराए। रेल संचालन से जुड़े अधिकारी व कर्मियों के बयान भी जांच टीम के द्वारा दर्ज किए गए। इसके अलावा ट्रेन के चालक व गार्ड के बयान भी लिए गए। जांच का काम आज शनिवार को भी जारी रहेगा। इस दुर्घटना को लेकर जांच पड़ताल के परिणाम से यह भी स्पष्ट होगा कि यह दुर्घटना महज लापरवाही के चलते हुई है या फिर किसी तरह की रंज इसके पीछे है। इज्जतनगर रेल मंडल के पीआरओ राजेन्द्र सिंह ने बताया कि जांच प्रक्रिया आज शनिवार को और चलेगी और घटना के संबंध में अपने बयान दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा रेल संरक्षा पूर्वोत्तर परिमंडल हजरतगंज लखनऊ को घटना के संबंध में लिखकर दिया जा सकता है।

1 comment:

  1. nice to see a new webportal for kasganj...
    all d best Ajay ji
    Ankit sharma
    Railway Road, Kasganj
    www.facebook.com/ankit.aero

    ReplyDelete